Samachar Nama
×

कंपनी को भेजा मौत वाला E-Mail, 4 नंबर भी दिए; फिर गुरुग्राम के फ्लैट से निकलीं इंजीनियर और पत्नी की लाशें
 

कंपनी को भेजा मौत वाला E-Mail, 4 नंबर भी दिए; फिर गुरुग्राम के फ्लैट से निकलीं इंजीनियर और पत्नी की लाशें

हरियाणा के गुरुग्राम में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। सेक्टर-68 स्थित एम3एम मरीना सोसाइटी के एक किराये के फ्लैट में दोनों के शव मिले। पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय इंजीनियर मोहम्मद असलम ने कथित तौर पर पहले अपनी 28 वर्षीय पत्नी फरहाना की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। घटना से पहले इंजीनियर ने अपनी कंपनी को ई-मेल भेजा था, जिसमें उसने चार लोगों के मोबाइल नंबर देते हुए अपनी मौत की सूचना उन तक पहुंचाने को कहा था।

इस घटना के सामने आने के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौतों के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

सुबह 7 बजे कंपनी को भेजा ई-मेल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद असलम ने गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपनी कंपनी को ई-मेल भेजा। इसमें उसने अपने पिता, मकान मालिक और परिचितों समेत चार लोगों के मोबाइल नंबर दिए थे। उसने कंपनी से कहा था कि उसकी मौत की सूचना इन लोगों को दे दी जाए।ई-मेल मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों को चिंता हुई। कंपनी ने संबंधित लो से संपर्क किया और मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद मकान मालिक ने बादशाहपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

फ्लैट में इस हालत में मिले दोनों के शव

सूचना मिलने पर पुलिस टीम सुबह करीब 8 बजे सोसाइटी पहुंची। फ्लैट का दरवाजा खुलवाने पर अंदर कमरे में फरहाना का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि असलम का शव पंखे से लटका हुआ था।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि असलम ने पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की। हालांकि, मौत के सही कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगी।

केरल के रहने वाले थे पति-पत्नी

पुलिस के मुताबिक, असलम और फरहाना मूल रूप से केरल के रहने वाले थे। दोनों गुरुग्राम के सेक्टर-68 स्थित एम3एम मरीना सोसाइटी के टावर नंबर सात में किराये के फ्लैट में रहते थे। असलम एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करता था। इससे पहले वह बेंगलुरु में नौकरी करता था।रिपोर्ट्स के अनुसार, असलम ने घटना से पहले कंपनी को ई-मेल के जरिए कार्यालय नहीं आने की सूचना भी दी थी। इसके बाद कंपनी और उसके बीच ई-मेल तथा फोन पर बातचीत हुई थी।

पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें अंग्रेजी और मलयालम भाषा में लिखी बातें होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस नोट की सामग्री और ई-मेल की परिस्थितियों की जांच कर रही है।फिलहाल, पति-पत्नी की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस परिजनों से बातचीत करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों और घटनास्थल से जुटाए गए प्रमाणों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Share this story

Tags