लखनऊ में सपा की अहम बैठक, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करना था। बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने सपा विचारधारा से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि वे सकारात्मक, जिम्मेदार और तथ्यपरक कंटेंट तैयार करें, ताकि जनता के बीच सही संदेश पहुंच सके।
बैठक में खास तौर पर नवरत्न लाल यादव चर्चा में रहे, जिन्हें पार्टी में ‘छोटे सिपाही’ के नाम से जाना जाता है। उनकी उपस्थिति और बातचीत ने सोशल मीडिया पर खासा ध्यान आकर्षित किया और इस बैठक का वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
पार्टी का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आने वाले चुनावों में अहम भूमिका निभाएंगे, ऐसे में सोशल मीडिया की रणनीति को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इस बैठक के जरिए पार्टी ने अपने डिजिटल अभियान को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

