अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, वीडियो में बोले- सरकारी नौकरी देना सरकार के एजेंडे में नहीं, पेपर लीक और फेक एनकाउंटर पर भी उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रयागराज में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में युवाओं को सरकारी नौकरी देना शामिल ही नहीं है और सरकार को युवाओं की नाराजगी की कोई परवाह नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 20 हजार से अधिक प्राइमरी स्कूल बंद हो चुके हैं और लगातार भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समय पर परीक्षाएं तक नहीं करा पा रही है और पूरी तरह विफल साबित हुई है।
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग सरकार से नाराज है, लेकिन भाजपा को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को भरोसा है कि वह अपनी संस्थाओं के जरिए हालात संभाल लेगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार रोजगार देने के बजाय युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कथित फेक एनकाउंटर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर फर्जी मुठभेड़ें हुई हैं और समाजवादी पार्टी लगातार इनके खिलाफ आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पीड़ित परिवारों की मदद की है और कई मामलों में कानूनी लड़ाई भी लड़ी है।सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो सभी कथित फेक एनकाउंटर मामलों की जांच कराई जाएगी, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

