भीषण गर्मी की चपेट में आगरा, प्रदेश में सबसे गर्म रहा, देखें कैसा रहेगा आज का मौसम

तेज धूप और लू के चलते ताजनगरी प्रदेश में सबसे गर्म रही, शुक्रवार दोपहर जब लोग बाहर निकले तो उन्हें धूप कांटों की तरह चुभती हुई महसूस हुई। उमस के चलते लोग पसीने से तरबतर हो गए, कुछ देर बाद प्यास भी लगने लगी। ज्यादा देर तक धूप में रहना मुश्किल हो गया। वहीं, दोपहर में कुछ देर के लिए आसमान बादलों से ढका रहा, जिसके बाद आंधी के आसार बन गए। वातावरण में धूल के कण छा गए, जिससे लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार से मौसम बदल सकता है, गरज-चमक के साथ बादलों के साथ बारिश भी हो सकती है। सुबह से ही तेज धूप निकल आई। लू के चलते लोग सुबह 10 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकल सके। न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 11 बजे के बाद धूप तेज हो गई, सूरज की किरणें चुभने लगीं। दोपहर में बाजारों से लेकर सड़कों तक शांति छा गई। अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। दोपहर 2 बजे के बाद आसमान बादलों से ढक गया। लेकिन, कुछ देर बाद धूप निकल आई। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम 4 बजे के बाद आंधी आने की संभावना जताई गई, वातावरण धूल के कणों से ढक गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक भी 100 के पार पहुंच गया। शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रहा। रात में भी गर्मी से राहत नहीं भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के कारण लोग दिन के साथ-साथ रात में भी बेहाल हैं। रात में भी गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही है। रात का तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और तापमान में कमी नहीं होने के कारण लोगों को रात में सोने में भी दिक्कत हो रही है। प्रदेश के पांच सबसे गर्म शहर
आगरा 45 डिग्री सेल्सियस
झांसी 44.9 डिग्री सेल्सियस
बांदा 44.6 डिग्री सेल्सियस
कानपुर 44.5 डिग्री सेल्सियस
हमीरपुर 44.2 डिग्री सेल्सियस
ये सावधानियां बरतें
धूप में बाहर न निकलें, अगर धूप में निकलें तो छाता साथ रखें
घर का बना खाना खाएं
बाजार में कटे फल, बिना साफ-सफाई के निकाले गए जूस का सेवन न करें
ये करें
नींबू का रस, छाछ समेत तरल पदार्थों का सेवन करें
उल्टी या दस्त होने पर ओआरएस का घोल पिएं
तेल और मसाले युक्त भोजन न करें