पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर अलीगढ़ पहुंचे अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह, वीडियो में जाने DM-SSP से लगाई न्याय की गुहार
बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह शनिवार को अपने भाई अभिमन्यु सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने जिला अधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात कर अपनी पैतृक संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे के मामले में कार्रवाई की मांग की।
अभिनेता का आरोप है कि जलालपुर एस्टेट स्थित उनकी पुश्तैनी हवेली और आसपास की कई जमीनों पर उनकी चाची, उनके बेटों और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय नेता भी उनकी पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
'पिता के निधन के बाद बदले हालात'
चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि उनके पिता के जीवित रहते किसी ने संपत्ति को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई थी। लेकिन जुलाई 2022 में पिता के निधन के बाद हालात अचानक बदल गए और कई जमीनों पर कथित तौर पर अवैध कब्जे होने लगे। उन्होंने कहा, "हमें अपनी ही पुश्तैनी हवेली में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।"
'मुंबई में रहने के कारण नहीं लगी भनक'
अभिनेता ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से मुंबई में रह रहा था। अलीगढ़ से दूर रहने की वजह से उन्हें इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी कि उनकी पैतृक संपत्तियों पर कथित कब्जा किया जा रहा है और कुछ संपत्तियां बेची भी जा रही हैं।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
चंद्रचूड़ सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी लीगल टीम को सक्रिय कर दिया है। उनका कहना है कि अब सभी दस्तावेजों की जांच कर कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी पैतृक संपत्ति को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन ने मामले में शिकायत प्राप्त कर ली है। आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर की जाएगी।

