मुरादाबाद में हाईवे पर दौड़ती AC बस में जोरदार धमाका, फिर लगी आग; 55 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुधवार रात दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बरेली डिपो की एसी रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। बस के पिछले टायर में तेज धमाका होने के बाद आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते बस का पिछला हिस्सा आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना बुधवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दलपतपुर ओवरब्रिज पर हुई। बरेली डिपो की एसी बस दिल्ली के आनंद विहार से यात्रियों को लेकर बरेली जा रही थी। बस जैसे ही दलपतपुर पुल पर पहुंची, उसके पिछले हिस्से से तेज धमाके की आवाज आई। इसके बाद धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
धमाके के बाद बस में मची अफरा-तफरी
बस में आग लगते ही यात्रियों को अपनी जान बचाने की चिंता सताने लगी। बस के अंदर धुआं फैलने से लोग घबरा गए और बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। इस दौरान यात्रियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। चालक ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद उन्हें बस से दूर ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस में 55 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक भी सुरक्षित रहे।
दमकल की दो गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैली थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह उसकी चपेट में आ गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के मुताबिक, बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां रवाना की गई थीं। शुरुआती जांच में पिछले टायर के फटने को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
टायर फटने से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस का पिछला टायर फटने के बाद उसमें रगड़ और गर्मी से चिंगारी निकली, जिससे आग भड़क गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा।बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बाद में दूसरी बसों की मदद से यात्रियों को उनके गंतव्य बरेली के लिए रवाना किया गया। समय रहते यात्रियों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।

