मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग, वीडियो में जाने 20 फीट ऊंची उठीं लपटें; 40 यात्रियों ने बचाई जान
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। राया थाना क्षेत्र में दिल्ली से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही डबल डेकर वातानुकूलित बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। बस में सवार सभी 40 यात्रियों ने समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, यात्रियों का सामान बस के अंदर ही रह गया और पूरी तरह जलकर राख हो गया।
दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रात डेढ़ बजे बस में उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार, खजुराहो ट्रैवल्स की डबल डेकर बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर के लिए रवाना हुई थी। बस को मध्य प्रदेश निवासी चालक जितेंद्र चला रहा था। उसमें कुल 40 यात्री सवार थे।शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे बस मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट पुल के पास पहुंची थी। इसी दौरान अचानक बस से धुआं उठने लगा। यात्रियों के मुताबिक, हादसे के समय ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक धुआं दिखाई देने पर बस में चीख-पुकार मच गई।
ड्राइवर ने सड़क किनारे रोकी बस, सभी यात्री सुरक्षित निकले
स्थिति को भांपते हुए चालक जितेंद्र ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों ने जल्दबाजी में नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। सभी 40 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन अफरा-तफरी के कारण उनका सामान बस के अंदर ही छूट गया।कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में बस और उसमें रखा यात्रियों का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पीआरवी के माध्यम से बस में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं और आग बुझा दी गई।सीओ के मुताबिक, इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

