Samachar Nama
×

अमरोहा में 23 साल की युवती से गैंगरेप का आरोप, दरोगा समेत CRPF के 2 जवान गिरफ्तार; फार्म हाउस में हुई घटना

अमरोहा में 23 साल की युवती से गैंगरेप का आरोप, दरोगा समेत CRPF के 2 जवान गिरफ्तार; फार्म हाउस में हुई घटना

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में 23 साल की युवती से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता हरियाणा की रहने वाली बताई जा रही है। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यूपी पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल के साथ CRPF के एक इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 और 23 सितंबर की दरम्यानी रात हसनपुर क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस में हुई। पीड़िता पहले से CRPF के हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की और इंस्पेक्टर लालाराम यादव को जानती थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवती की मुलाकात मोहित से हरियाणा के सोनीपत में हुई थी।

बताया जा रहा है कि 22 सितंबर को युवती मोहित और लालाराम के साथ अमरोहा पहुंची थी। यहां मोहित की मुलाकात अपने परिचित और हसनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी लोग हसनपुर क्षेत्र के झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां दो कमरे किराये पर लिए गए थे।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कुछ समय बाद अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद भी वहां खाना लेकर पहुंचा। युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि फार्म हाउस में चारों आरोपियों ने उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ जबरदस्ती की।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसकी शिकायत के आधार पर हसनपुर थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव, CRPF हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की, यूपी पुलिस के सब इंस्पेक्टर संजय तोमर और हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद शामिल हैं।

Share this story

Tags