16 साल के लड़के की हत्या, गला दबाया फिर ईंट से सिर फोडा, लाश के संग की ऐसी बर्रबता

आगरा के शाहगंज में वायु विहार मार्ग पर मंगलवार को हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे बाद सुलझा ली। मुठभेड़ में पुराने कर्मचारी सोहेल की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में हत्या की वजह भी सामने आ गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि किशोर अक्सर उसे चोर कहकर चिढ़ाता था। पहले उसका गला दबाया, फिर ईंट से कूचकर हत्या कर दी। शाहगंज क्षेत्र में रहने वाले फैक्ट्री कर्मचारी के तीन बेटे और एक बेटी है। किशोर बेटा (16) मंगलवार शाम साढ़े चार बजे घर से निकला था। लेकिन, वह वापस नहीं लौटा।
रात 11 बजे पृथ्वीनाथ फाटक पुलिस चौकी को सूचना दी गई। बुधवार को पुलिस को पथौली मार्ग पर एक शव मिला। परिजनों ने कपड़ों और फोटो से उसकी पहचान की। सिर पर चोट के निशान थे। गला भी कसा हुआ था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें वह एक युवक के साथ स्कूटर पर जाता नजर आया। स्कूटर चालक की पहचान दौराईथा निवासी सोहेल के रूप में हुई। बुधवार देर रात पुलिस हत्या के आरोपी की तलाश में पथौली मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी वह स्कूटी चलाता हुआ दिखाई दिया।
रोका गया तो सोहेल ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदले में पुलिस की गोली पैर में लगने से सोहेल घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- दो बार शव देखने आया, फिर किया हमला
एसीपी लोहा मंडी मयंक तिवारी ने बताया कि सोहेल और किशोर पास में ही रहते थे, दोनों एक दूसरे को जानते थे। किशोर अक्सर सोहेल को चोर कहकर कमेंट करता था। यह बात उसे पसंद नहीं थी। घटना वाले दिन सोहेल उसे अपनी स्कूटी पर लेकर गया। वायु विहार मार्ग पर उसने किशोर का गला घोंट दिया और फिर उसके सिर पर ईंट मार दी।
शव को झाड़ियों में फेंककर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा वहां यह जानने आया कि किशोर बच गया है या नहीं। उसने झाड़ियों में पड़े किशोर के शव पर ईंट मारी। इसके बाद वह वहां से चला गया।
पांच साल पहले साथ में किया था काम
लड़के के पिता ने बताया कि वह पांच साल पहले आजमपाड़ा में रहता था। वह कपड़े का ठेला चलाता था। आरोपी सोहेल भी घर के पीछे वाली गली में रहता था। वह अक्सर ठेले पर काम करने आता था। लेकिन, उसकी आदतें ठीक नहीं थीं। वह चोरी करता था। इस वजह से उसका घर आना बंद था। उसे बेटे से बात करने से भी मना किया गया था। लेकिन, वह अक्सर घर से बाहर चला जाता था।
एसीपी ने बताया कि सोहेल को नवंबर 2024 में लोहा मंडी थाना पुलिस ने पकड़ा था। उसने एक चायवाले से ठगी की थी। वह चायवाले को बाइक शोरूम पर ले गया। उसने उसे बताया कि वह उसका पिता है। इसके बाद टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक ले गया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।