Samachar Nama
×

मेरठ के आसमान में गरजे 9 लड़ाकू विमान, फुटेज में देंखे सूर्यकिरण टीम ने 200 फीट की ऊंचाई पर दिखाए हैरतअंगेज करतब

मेरठ के आसमान में गरजे 9 लड़ाकू विमान, फुटेज में देंखे सूर्यकिरण टीम ने 200 फीट की ऊंचाई पर दिखाए हैरतअंगेज करतब

मेरठ में शनिवार को पहली बार भारतीय वायुसेना का एयर शो आयोजित किया गया। एयर शो में सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम ने 9 हॉक MK-132 विमानों के साथ आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। विमानों की गड़गड़ाहट से पूरा आसमान गूंज उठा। जमीन से करीब 200 फीट की ऊंचाई पर उड़ते विमानों ने धुएं से आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाईं और तिरंगे का आकार भी बनाया।

दो दिन चलने वाला एयर शो शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में शुरू हुआ। सूर्यकिरण टीम के 9 विमानों ने गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस से उड़ान भरी। शुरुआत में सभी विमान एक साथ फॉर्मेशन में आसमान में नजर आए। इसके बाद विमानों ने अलग-अलग दिशाओं में जाकर कई तरह के एयरोबैटिक करतब दिखाए।

एक साथ उड़ते नजर आए 9 विमान

एयर शो के दौरान कभी सभी विमान एक साथ उड़ते दिखाई दिए तो कभी अलग-अलग होकर दोबारा एक फॉर्मेशन में आ गए। टीम ने वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल फॉर्मेशन के साथ कई जटिल करतब पेश किए। खास बात यह रही कि कुछ मौकों पर विमान एक-दूसरे से 5 मीटर से भी कम दूरी पर उड़ते नजर आए।विमानों ने हवा में लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और 'डीएनए मैन्यूवर' जैसे कई रोमांचक करतब दिखाए। पायलटों के सटीक तालमेल और विमानों की तेज गति ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया।

धुएं से बनाया तिरंगा

शो के दौरान सूर्यकिरण टीम के विमानों ने धुएं की लकीरों के जरिए आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाईं। एक समय आसमान में तिरंगे का दृश्य दिखाई दिया। जमीन पर मौजूद दर्शकों ने इस नजारे का तालियों और सीटियों के साथ स्वागत किया।जैसे ही विमान दर्शकों के ऊपर से गुजरते, लोग उत्साह में अपनी जगह पर उछल पड़ते। पूरे कार्यक्रम के दौरान 'भारत माता की जय' और 'जय हिंद' के नारे गूंजते रहे।

आधे घंटे तक चला रोमांच

करीब आधे घंटे तक चले इस एयर शो में सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। आसमान में विमानों की तेज आवाज और लगातार बदलते फॉर्मेशन ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर बनाए रखा। मेरठ में पहली बार आयोजित इस एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।दो दिन के इस आयोजन के दूसरे दिन भी लोगों को भारतीय वायुसेना की एयरोबैटिक टीम के शानदार प्रदर्शन देखने का मौका मिलेगा।

Share this story

Tags