आगरा में बेकाबू DCM ने 4 लड़कियों को रौंदा, कोल्ड स्टोरेज मैनेजर की बेटी की मौत; भीड़ ने ड्राइवर को पीटा
उत्तर प्रदेश के आगरा में तेज रफ्तार DCM की टक्कर से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के कालिंदी विहार में सड़क किनारे पैदल जा रही चार युवतियां वाहन की चपेट में आ गईं। हादसे में 22 वर्षीय खुशबू जुरैल की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली निशा चौधरी और शिखा कुशवाहा घायल हो गईं। मृतका के पिता मनमोहन सिंह प्रकाश कोल्ड स्टोरेज में मैनेजर हैं। घटना के बाद मौके पर जमा लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
सड़क किनारे पैदल चल रही थीं युवतियां
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 9:10 बजे कालिंदी विहार के एच-ब्लॉक में आईसीसी स्कूल के सामने हुआ। खुशबू अपनी छोटी बहन भूमि और सहेलियों के साथ बाहर थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई DCM ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवतियां सड़क पर गिर गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
DCM के अगले हिस्से में फंस गई खुशबू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद खुशबू वाहन के अगले हिस्से और पहिये के पास फंस गईं। वह कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटती चली गईं। इसके बाद DCM ने एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। खुशबू की छोटी बहन भूमि ने बताया कि वह किसी तरह किनारे हट गई, लेकिन उसकी बहन वाहन की चपेट में आ गई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद घायलों को पहले नजदीकी चौहान अस्पताल पहुंचाया गया। खुशबू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। खुशबू एमकॉम की पढ़ाई कर रही थीं और बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रही थीं। हादसे में घायल दोनों युवतियों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
नशे में होने का आरोप, लोगों ने चालक को पकड़ा
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि DCM चालक शराब के नशे में था। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने DCM को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे में एक युवती की मौत हुई है और दो घायल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच और शिकायत के आधार पर की जाएगी।

