प्रेमी के साथ गई 18 साल की बेटी को परिवार ने ‘मृत’ माना, फुटेज में देंखे पुतले की शवयात्रा निकालकर किया अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार ने अपनी 18 साल की बेटी के प्रेमी के साथ घर से चले जाने के बाद उसे सामाजिक रूप से मृत मानते हुए रविवार को प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। परिवार ने बेटी की तस्वीर पुतले पर रखी और दोपहर करीब 3 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों का कहना है कि बेटी ने समाज में उनकी बदनामी कराई है और अब उनके लिए वह मर चुकी है।
मामला जेठवारा थाना क्षेत्र के आशापुर गांव का है। यहां रहने वाले जमुना प्रसाद पटेल किसान हैं। उनकी 18 वर्षीय बेटी नीलम का गांव के ही दूसरी जाति के युवक विनोद कुमार से करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। परिवार के मुताबिक, करीब एक महीने पहले नीलम अचानक घर से चली गई। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
27 अगस्त को पुलिस से की थी शिकायत
बेटी के घर से चले जाने के बाद परिवार ने पुलिस से भी संपर्क किया। 27 अगस्त को परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर नीलम को तलाश करने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।बताया जा रहा है कि बाद में नीलम ने अपने परिवार के सामने अपनी इच्छा स्पष्ट की। लड़की का कहना है कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। उसने यह भी कहा कि उसे और उसके प्रेमी को परेशान न किया जाए।
परिवार ने निकाली प्रतीकात्मक शवयात्रा
बेटी के अपनी पसंद से जीवन जीने के फैसले से नाराज परिवार ने रविवार को उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। परिजनों ने पुतला तैयार किया और उस पर बेटी की तस्वीर रखी। इसके बाद गांव में उसकी शवयात्रा निकाली गई।दोपहर करीब 3 बजे पुतले का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार की ओर से कहा गया कि बेटी ने समाज में उनकी बदनामी कराई है, इसलिए अब वह उनके लिए मर चुकी है।
श्राद्ध और तेरहवीं की तैयारी
परिवार अब पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार श्राद्ध कर्म और तेरहवीं की तैयारी भी कर रहा है। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है।वहीं, लड़की के बालिग होने और अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ रहने की बात कहने के बाद मामला कानूनी और सामाजिक दोनों पहलुओं से चर्चा में आ गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल परिवार द्वारा किए गए प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार ने इलाके में लोगों का ध्यान खींचा है।

