फरीदाबाद में 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या, खेलते समय धक्का देने पर भड़का दोस्त
फरीदाबाद के सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट में रविवार शाम खेलते समय हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 13 वर्षीय बच्चे कन्नू की उसके साथ खेलने वाले 15 वर्षीय किशोर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच खेलते समय धक्का-मुक्की हुई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी किशोर ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कन्नू सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट के ब्लॉक नंबर-14 में अपने परिवार के साथ रहता था। रविवार शाम करीब सात बजे वह घर के बाहर अपनी करीब एक साल की छोटी बहन के साथ खेल रहा था। इसी दौरान ब्लॉक नंबर-13 में रहने वाला किशोर वहां पहुंचा। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और अक्सर साथ खेलते थे। कुछ देर बाद दोनों के बीच खेल को लेकर धक्का-मुक्की हो गई।
परिजनों के अनुसार, इसी विवाद के दौरान किशोर ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। प्रत्यक्षदर्शी एक बच्चे ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने चाकू से वार करने के बाद उसे छाती में घुमाया भी। हमले के बाद कन्नू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी चाकू लेकर मौके से फरार हो गया।
वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कन्नू के परिजन भी वहां पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।
कन्नू के चाचा इकबाल ने बताया कि कन्नू एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। वहीं आरोपी किशोर के बारे में भी बताया जा रहा है कि वह तीसरी कक्षा में पढ़ता है और अक्सर कन्नू के साथ खेलने के लिए आता था। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी।
मामले की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी केवल सिंह के मुताबिक, बच्चे की छाती में चाकू लगने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। इतनी कम उम्र के बच्चों के बीच मामूली खेल के विवाद में चाकू से हमला और मौत की घटना ने इलाके के लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है।
कन्नू के परिवार की स्थिति भी बेहद सामान्य बताई जा रही है। उसके पिता मूल रूप से अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और परिवार करीब पांच साल पहले फरीदाबाद के सेक्टर-56 में रहने आया था। कन्नू से बड़ा उसका एक भाई है, जबकि परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है।

