Samachar Nama
×

UP Weather Update: यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट; 10 अक्टूबर तक बरसेंगे बादल
 

UP Weather Update: यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट; 10 अक्टूबर तक बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है. दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस परेशान कर रही है, जबकि सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 6 अक्टूबर से बारिश का दायरा बढ़ सकता है और 10 अक्टूबर तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
पश्चिमी यूपी में आज मौसम रहेगा शुष्क
5 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहेगा और दिन के समय तेज धूप निकल सकती है. इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
हालांकि, पूर्वांचल के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है. बारिश होने से इन क्षेत्रों में तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा, बस्ती, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में आज गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं.
इस दौरान कुछ इलाकों में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि, मौसम विभाग की ओर से फिलहाल किसी बड़े खतरे को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है.
प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने का अनुमान है. जिन इलाकों में बारिश होगी, वहां रात के तापमान में कुछ कमी देखने को मिल सकती है.
6 से 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर
आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है. 6 और 7 अक्टूबर से पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जो 10 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में जारी रह सकता है.
मंगलवार को वाराणसी, आजमगढ़ और अयोध्या में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बिजनौर, रामपुर और सहारनपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव
बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. जिन इलाकों में बारिश होगी, वहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ कमी आने की संभावना है. हालांकि, पूरे प्रदेश के अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है.
मौसम में इस बदलाव से सुबह और शाम के समय लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, जबकि दिन में कई इलाकों में धूप और उमस का असर अभी बना रह सकता है.
 

Share this story

Tags