तमिलनाडु सीएम विजय का बयान: महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता, वीडियो में देंखे अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं होगी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को विधानसभा में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के लिए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र या आपत्तिजनक भाषा को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीएम विजय का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य में अभिनेत्री त्रिशा को लेकर नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की कथित डबल मीनिंग टिप्पणी को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले ने राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है।
उदयनिधि स्टालिन मामले पर बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, विवादित टिप्पणी मामले में पुलिस ने 4 अगस्त को उदयनिधि स्टालिन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। हालांकि, मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें उसी दिन रिहा कर दिया गया था।इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान बनाए रखना बेहद जरूरी है और इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विकास के लिए कानून व्यवस्था जरूरी: विजय
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में कानून व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए मजबूत कानून व्यवस्था बेहद जरूरी होती है। पुलिस की भूमिका सिर्फ अपराधियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के विकास की नींव को मजबूत करने में भी पुलिस की अहम भूमिका होती है।उन्होंने कहा कि पुलिस को स्वतंत्र रूप से अपना काम करने का अवसर मिलना चाहिए। राजनीतिक नेताओं और अधिकारियों को पुलिस के काम में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
कानून मानने वालों के लिए पुलिस दोस्त, उल्लंघन करने वालों के लिए सख्त
सीएम विजय ने कहा कि जो लोग कानून का पालन करते हैं, उनके लिए पुलिस एक दोस्त की तरह काम करती है। वहीं, जो लोग कानून तोड़ते हैं, उनके खिलाफ पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का शासन बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए पुलिस प्रशासन को पूरी स्वतंत्रता और समर्थन दिया जाएगा।
सुरक्षा और प्रशासन पर सरकार का फोकस
विधानसभा में दिए गए मुख्यमंत्री विजय के बयान को राज्य में महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और पुलिस की भूमिका को लेकर सरकार के रुख के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल बनाना है, जहां हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे।विजय ने कहा कि विकास और सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। मजबूत कानून व्यवस्था के बिना राज्य में विकास की गति को बनाए रखना मुश्किल है। इसलिए सरकार पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और कानून का पालन सुनिश्चित करने पर लगातार काम कर रही है।

