तमिलनाडु में फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम का विस्तार, फुटेज में देंखे CM सी. जोसेफ विजय ने बच्चों को परोसा नाश्ता; 15 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को चेन्नई में विस्तारित पेरुंथलैवर कामराजर फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों को नाश्ता परोसा और उनके साथ बैठकर खाना भी खाया। कार्यक्रम चेन्नई के तिरुवन्मियूर स्थित गांधी ग्रामम के सरकारी मिडिल स्कूल में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और उनके साथ कुछ समय बिताया। उन्होंने नाश्ते की व्यवस्था का जायजा भी लिया। योजना के विस्तार के बाद अब पहले से अधिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को स्कूल में मुफ्त नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
कक्षा 6 से 8 तक के छात्र भी योजना में शामिल
पहले पेरुंथलैवर कामराजर फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम का लाभ कक्षा 1 से 5 तक पढ़ने वाले छात्रों को मिलता था। अब सरकार ने इसका दायरा बढ़ाकर कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल कर लिया है।सरकार के मुताबिक, योजना के विस्तार से राज्य के करीब 15 हजार सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 15 लाख अतिरिक्त छात्रों को लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों को पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराना और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पूर्व मुख्यमंत्री कामराज के नाम पर रखा गया नाम
इस योजना का नाम पहले चीफ मिनिस्टर ब्रेकफास्ट स्कीम था। अब इसका नाम बदलकर पेरुंथलैवर कामराजर फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम कर दिया गया है। इसका नाम तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के सम्मान में रखा गया है।के. कामराज को तमिलनाडु में स्कूली शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और विद्यार्थियों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को मजबूत करने के लिए जाना जाता है। उनके कार्यकाल के दौरान स्कूली बच्चों के लिए मिड-डे मील व्यवस्था को बढ़ावा दिया गया था।योजना के विस्तार के साथ राज्य सरकार का फोकस अब कक्षा 1 से 8 तक के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक मुफ्त नाश्ता पहुंचाने पर है। चेन्नई में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने बच्चों के साथ बातचीत कर योजना के बारे में उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।

