Samachar Nama
×

सरकारी नौकरी के पीछे ही न भागें युवा, वीडियो में जाने कौशल और प्रतिभा से रोजगार देने वाले बनें: सीएम भजनलाल शर्मा

सरकारी नौकरी के पीछे ही न भागें युवा, वीडियो में जाने कौशल और प्रतिभा से रोजगार देने वाले बनें: सीएम भजनलाल शर्मा

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से सरकारी नौकरी के पीछे ही भागने के बजाय अपने कौशल और प्रतिभा का इस्तेमाल कर रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी क्षमता को पहचानें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। राज्य सरकार युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को जयपुर के सिरसी रोड स्थित अलंकार महिला पीजी कॉलेज में आयोजित 51वीं सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।समारोह को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे केवल सरकारी नौकरी पाने की सोच तक सीमित न रहें। अपनी प्रतिभा, कौशल और मेहनत के दम पर खुद रोजगार हासिल करने के साथ दूसरे लोगों को भी रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ें।

ढाई साल में 415 परीक्षाओं का दावा

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए पेपर लीक के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आती थीं। वहीं उनकी सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में 415 परीक्षाएं आयोजित की गई हैं और इनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

खिलाड़ियों को किया सम्मानित

योगासन चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के युवा प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास कर रही है।

Share this story

Tags