Samachar Nama
×

राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव से पहले यूथ कांग्रेस का बड़ा अभियान, वीडियो में जाने पंचायत टास्क फोर्स करेगी युवाओं की तलाश

राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव से पहले यूथ कांग्रेस का बड़ा अभियान, वीडियो में जाने पंचायत टास्क फोर्स करेगी युवाओं की तलाश

राजस्थान में स्थानीय निकाय और पंचायतराज चुनाव की तैयारियों के बीच यूथ कांग्रेस ने युवाओं को चुनावी राजनीति से जोड़ने के लिए पंचायत टास्क फोर्स का गठन किया है। यूथ कांग्रेस ने इस अभियान की शुरुआत राजस्थान से की है। अभियान का शुभारंभ यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा, राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने बताया कि पंचायत टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को स्थानीय राजनीति और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जहां भी नगरीय निकाय चुनाव होंगे, वहां यह टास्क फोर्स सक्रिय रूप से काम करेगी और युवाओं को चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

39 साल से कम उम्र के युवाओं पर फोकस

यूथ कांग्रेस की ओर से गठित टास्क फोर्स ऐसे युवाओं की पहचान करेगी, जिनकी उम्र 39 साल से कम है। खास बात यह होगी कि इसके लिए कांग्रेस संगठन से पहले से जुड़े होना जरूरी नहीं होगा। पार्टी ऐसे युवाओं को भी अपने अभियान से जोड़ना चाहती है, जो संविधान में विश्वास रखते हैं और चुनावी राजनीति में सक्रिय होकर काम करना चाहते हैं।शेष नारायण ओझा ने बताया कि टास्क फोर्स ऐसे युवाओं की पहचान करने के बाद उन्हें चुनाव लड़ने के लिए जरूरी प्रशिक्षण देने का काम करेगी। इसके साथ ही उन्हें चुनावी प्रक्रिया, संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर जनता के बीच काम करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।यूथ कांग्रेस का मानना है कि बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं, जो राजनीति में आना चाहते हैं, लेकिन किसी राजनीतिक संगठन से सीधे जुड़े नहीं हैं। ऐसे युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए पंचायत टास्क फोर्स को जिम्मेदारी दी गई है।

हर जिले में ब्लॉक और पंचायत स्तर पर पहुंचेगी टीम

इस अभियान के तहत यूथ कांग्रेस के नेशनल कॉर्डिनेटर राजस्थान के अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे। वे ब्लॉक और चायत स्तर पर जाकर स्थानीय युवाओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान चुनाव लड़ने के इच्छुक युवाओं की जानकारी जुटाई जाएगी और उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।यूथ कांग्रेस का कहना है कि कई ऐसे युवा हैं, जो स्थानीय स्तर पर सक्रिय हैं और जनता के बीच उनकी अच्छी पकड़ भी है, लेकिन उनकी बात पार्टी संगठनके शीर्ष स्तर तक नहीं पहुंच पाती। पंचायत टास्क फोर्स ऐसे युवाओं के लिए एक माध्यम के रूप में काम करेगी।

चुनावी राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश

टास्क फोर्स का एक प्रमुख उद्देश्य स्थानीय निकाय और पंचायतराज संस्थाओं में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। कांग्रेस का मानना है कि स्थानीय स्तर पर युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने से पार्टी को नए चेहरे मिल सकते हैं और संगठन को भी मजबूत किया जा सकता है।यूथ कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक, अभियान केवल पार्टी से जुड़े युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा। संविधान में विश्वास रखने वाले और सामाजिक स्तर पर सक्रिय ऐसे युवाओं को भी चुनावी राजनीति में आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा।

राजस्थान से शुरू किए गए इस अभियान को यूथ कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय निकाय और पंचायतराज चुनावों से पहले पार्टी की यह रणनीति युवाओं को अपने साथ जोड़ने और जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार करने पर केंद्रित है। अब आने वाले दिनों में पंचायत टास्क फोर्स की टीमें प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचकर युवाओं की पहचान और प्रशिक्षण का काम शुरू करेंगी।

Share this story

Tags