Samachar Nama
×

जयपुर में ऑनलाइन ऐप से दोस्ती कर युवक का अपहरण, फुटेज में जाने UPI से वसूले 1 लाख रुपए; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में ऑनलाइन ऐप से दोस्ती कर युवक का अपहरण, फुटेज में जाने UPI से वसूले 1 लाख रुपए; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में ऑनलाइन ऐप के जरिए दोस्ती कर युवक को मिलने बुलाने और फिर उसका अपहरण कर एक लाख रुपए की रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को जगतपुरा रेलवे स्टेशन से बाइक पर बैठाया और रिंग रोड की पुलिया के नीचे ले जाकर अपने साथियों के साथ मिलकर किडनैप कर लिया। आरोपियों ने युवक का मोबाइल अनलॉक करवाकर UPI के जरिए एक लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर करौली ले गए। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।

ऑनलाइन ऐप पर हुई थी दोस्ती

डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन मीणा उर्फ पदम मीणा के रूप में हुई है। वह करौली जिले के नादौती का रहने वाला है और फिलहाल इंदिरा गांधी नगर, खोह नागोरियान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, खोह नागोरियान थाने में 27 अक्टूबर को कपिल कुमार जांगिड़ ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी ऑनलाइन ऐप के जरिए पवन मीणा से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने के बाद आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया।

जगतपुरा रेलवे स्टेशन से किया अपहरण

पीड़ित के मुताबिक, वह आरोपी से मिलने जगतपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां पवन मीणा उसे लेने आया और बाइक पर बैठाकर रिंग रोड की पुलिया के नीचे ले गया। वहां पहले से मौजूद उसके तीन साथियों ने मिलकर युवक का अपहरण कर लिया।आरोपियों ने युवक से उसका मोबाइल अनलॉक करवाया और UPI के जरिए एक लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद बदमाश उसे गाड़ी में डालकर करौली ले गए।

बदमाशों के चंगुल से बचकर जयपुर पहुंचा युवक

शिकायत के अनुसार, युवक किसी तरह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बचकर भाग निकला और जयपुर पहुंचा। इसके बाद उसने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

फरार साथियों और कार की तलाश में पुलिस

पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन मीणा उर्फ पदम मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई है। अब पुलिस उसके फरार साथियों और अपहरण में इस्तेमाल की गई कार की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this story

Tags