कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से हमला, फुटेज में देंखे खेत से लौटते समय चौराहे पर रोका; हालत गंभीर
कोटा ग्रामीण के दीगोद तहसील क्षेत्र के सरौला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम खेत से घर लौट रहे युवक को गांव के चौराहे पर रोककर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सुल्तानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर कोटा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, सरौला निवासी दीपांशु गोचर गुरुवार शाम खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के चौराहे पर प्रदीप गुर्जर ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने दीपांशु पर चाकू से हमला कर दिया।
शरीर पर किए चाकू से कई वार
हमले के दौरान आरोपी ने दीपांशु पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी मिली।परिजन घायल दीपांशु को तत्काल सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चोटें गंभीर होने और हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कोटा रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों ने थाने में दी शिकायत
घटना के बाद परिजनों ने सुल्तानपुर थाने में शिकायत दी है। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले की वजह दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है।गांव के चौराहे पर हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल घायल युवक का कोटा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगी।

