कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, स्कूटी को कार से मारी टक्कर; वीडियो में जाने लोहे के पाइप और चाकू से पीटा
कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने पहले युवक की स्कूटी को टक्कर मारी और फिर लोहे के पाइप व चाकू से हमला कर दिया। घटना के दौरान युवक का दोस्त अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार युवक मिलकर दो युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना होली फैमिली हॉस्पिटल के पास नहर की बताई जा रही है। बोरखेड़ा थाना के एएसआई देवकरण चौधरी ने बताया कि यह घटना करीब 10 दिन पुरानी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी।
स्कूटी को टक्कर मारने के बाद किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना के समय इमरान अपने दोस्त अरशद के साथ स्कूटी पर सवार था। दोनों होली फैमिली हॉस्पिटल के पास नहर की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार में सवार होकर आए युवकों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवकों ने इमरान और अरशद के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लोहे के पाइप और चाकू से हमला किया। इस दौरान दोनों युवकों ने बचने की कोशिश की। मारपीट के बीच एक युवक अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया।
वीडियो में चार युवक मारपीट करते नजर आए
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने मारपीट का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सामने आया है। इसमें चार युवक दो युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में तीन हमलावरों के हाथ में लोहे के पाइप और चाकू नजर आ रहे हैं। वहीं, एक युवक के पास पिस्टल होने की बात भी सामने आई है।
छह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत
एएसआई देवकरण चौधरी के मुताबिक, घायल इमरान ने अर्ष्यन अंसारी, हितेंद्र चौधरी, मयंक कारतूस, खुश अरोरा, यश पांचाल और आशु के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।
घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मारपीट का वीडियो भी जांच के दायरे में है। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

