सीकर में सड़क किनारे मिला महिला का शव, पिता ने पति और देवर पर लगाया हत्या का आरोप; वीडियो में जाने शरीर पर मिले चोट के निशान
सीकर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव कंवरपुरा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। उसके शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे और कपड़े भी फटे हुए थे। मृतका के पिता ने उसके पति और देवर पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में सदर थाने में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बाडलवास निवासी भंवरलाल ने सदर थाने में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी तारा की शादी करीब 15 साल पहले डीडवाना निवासी किशोर के साथ हुई थी। करीब दो महीने पहले तारा अपने पति और दोनों बच्चों के साथ बाडलवास आ गई थी। यहां परिवार मजदूरी करके अपना गुजारा कर रहा था।
शराब पीकर बेटी से मारपीट करने का आरोप
भंवरलाल ने शिकायत में आरोप लगाया कि बाडलवास में रहने के दौरान उनका दामाद किशोर शराब पीकर बेटी तारा के साथ मारपीट करता था। पिता के मुताबिक, पति और उसके परिवार की ओर से पहले भी कई बार तारा के साथ मारपीट की जा चुकी थी।
बच्चों को छोड़कर पत्नी को लेकर निकला था पति
शिकायत के अनुसार, 4 नवंबर की दोपहर किशोर अपने दोनों बच्चों को वहीं छोड़कर तारा को साथ लेकर डीडवाना जाने के लिए निकला था। इसके अगले दिन यानी 5 नवंबर की सुबह परिवार को सूचना मिली कि तारा का शव कंवरपुरा बस स्टैंड बाडलवास के पास सड़क किनारे पड़ा हुआ है।सूचना मिलने पर भंवरलाल अपने बेटे दिलीप के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने बेटी का शव देखा। पिता के मुताबिक, तारा के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे और उसके कपड़े भी फटे हुए थे। यह देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई।
पति और देवर के खिलाफ मामला दर्ज
भंवरलाल ने आरोप लगाया कि उनके दामाद किशोर और उसके भाई पवन ने तारा के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पहले भी कई बार बेटी के साथ मारपीट कर चुके थे।
पिता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने किशोर और पवन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हत्या के आरोपों की जांच जारी है।

