Samachar Nama
×

जयपुर में सिलेंडर में आग लगने से महिला 90% झुलसी, वीडियो में जाने FSL टीम जांच में जुटी; पुलिस ने बताया मामला संदिग्ध

जयपुर में सिलेंडर में आग लगने से महिला 90% झुलसी, वीडियो में जाने FSL टीम जांच में जुटी; पुलिस ने बताया मामला संदिग्ध

राजधानी जयपुर के मोतीडूंगरी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक मकान में सिलेंडर में आग लगने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में महिला करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। यह घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे मोतीडूंगरी रोड स्थित आनंदपुरी इलाके की गली नंबर-1 में स्थित मकान संख्या P-12 की दूसरी मंजिल पर हुई। हादसे के समय घर में महिला अकेली मौजूद थी।

पड़ोसी ने बचाई जान

घटना के दौरान घर से आग और धुआं निकलता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने तुरंत मदद करते हुए गंभीर रूप से झुलसी महिला स्वाति सैनी को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस की 112 आपातकालीन वाहन मौके पर पहुंची और महिला को पहले एसएमएस अस्पताल भेजा गया।बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें दुर्लभजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मोतीडूंगरी थाना प्रभारी मोहन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

गैस पाइप और रेगुलेटर अलग मिले

मोतीडूंगरी थानाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दूसरे फ्लोर पर रखे गैस सिलेंडर से गैस चूल्हे का पाइप और रेगुलेटर अलग किया हुआ था। इस कारण पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।उन्होंने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग हादसे के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

सभी पहलुओं से जांच जारी

पुलिस महिला के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही FSL टीम की रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Share this story

Tags