Samachar Nama
×

कोटा में बंदर के हमले से घबराई महिला की मौत: वीडियो में देंखे छत पर कपड़े सुखाते समय झुंड ने घेरा, कंधे पर चढ़कर चेहरे-पीठ पर मारे पंजे

कोटा में बंदर के हमले से घबराई महिला की मौत: वीडियो में देंखे छत पर कपड़े सुखाते समय झुंड ने घेरा, कंधे पर चढ़कर चेहरे-पीठ पर मारे पंजे

कोटा में बंदरों के हमले के दौरान घबराई एक महिला की मौत हो गई। महिला रविवार दोपहर घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया। एक बंदर महिला के ऊपर कूदकर उसके कंधे पर बैठ गया और चेहरे व पीठ पर पंजे मारने लगा। महिला ने खुद को बचाने के लिए लकड़ी उठाई, लेकिन बंदर लगातार हमला करता रहा। अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गई और बेहोश होकर छत पर गिर पड़ी।परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत की वजह साइलेंट अटैक बताई। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ इलाके में स्थित जागाओं के मोहल्ले की है। मृतका की पहचान रेनू भट्ट पत्नी प्रदीप भट्ट के रूप में हुई है। रेनू की 6 साल की बेटी है।

कपड़े सुखाने गई थी महिला, अचानक पहुंचा बंदरों का झुंड

जानकारी के अनुसार, जागाओं के मोहल्ले में रहने वाली रेनू भट्ट रविवार दोपहर घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान अचानक बंदरों की टोली छत पर पहुंच गई। इनमें से एक बंदर ने रेनू पर हमला कर दिया। महिला ने बंदर से बचने के लिए लकड़ी उठाई, लेकिन बंदर उसके कंधों पर चढ़ गया।बंदर ने रेनू के चेहरे और पीठ पर पंजे मारे। अचानक हुए हमले से वह बुरी तरह घबरा गई और कुछ ही देर में अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के लोग छत पर पहुंचे।

चीख सुनकर पहुंचे परिजन, बंदरों को भगाया

रेनू के जेठ अर्जुन भट्ट ने बताया कि महिला की चीख सुनकर परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो वह जमीन पर बेहोश पड़ी थी। उसके चेहरे और पीठ पर बंदरों के नाखूनों के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजनों ने पहले बंदरों को वहां से भगाया और फिर रेनू को संभालकर अस्पताल पहुंचाया।अर्जुन भट्ट के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने तक रेनू की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद साइलेंट अटैक आने से मौत होने की बात बताई।

6 साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया

रेनू भट्ट की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। महिला की 6 साल की बेटी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं। जिस समय रेनू रोजमर्रा के काम के लिए छत पर गई थी, किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में इतनी बड़ी घटना हो जाएगी।इस घटना के बाद इलाके में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर भी चिंता सामने आई है। हालांकि, महिला की मौत का कारण डॉक्टरों ने साइलेंट अटैक बताया है। बंदरों के हमले और उससे पैदा हुए डर के बीच हुई इस घटना ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

Share this story

Tags