जयपुर महिला आयोग परिसर में छत पर चढ़ी महिला, कूदने की दी धमकी; एडवोकेट और कर्मचारियों ने पकड़कर बचाया
जयपुर में शुक्रवार सुबह महिला आयोग परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पति के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंची एक महिला छत की रेलिंग पर चढ़ गई और वहां से कूदने की धमकी देने लगी। महिला का कहना था कि उसकी सुनवाई नहीं हो रही है और उसे न्याय चाहिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडवोकेट चरणजीत भाटी और फैमिली कोर्ट के कर्मचारियों ने तुरंत छत पर पहुंचकर महिला को पकड़ लिया। उनकी तत्परता से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे टोंक रोड पर गांधी नगर मोड़ स्थित महिला आयोग परिसर की है। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के खिलाफ शिकायत लेकर महिला आयोग पहुंची थी। यहां सुनवाई नहीं होने से वह नाराज हो गई और अचानक बिल्डिंग की छत पर चढ़ गई। इसके बाद वह रेलिंग के पास पहुंचकर कूदने की धमकी देने लगी।
महिला की मांग- जज, एडिशनल डीसीपी और सीएम आएं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला छत की रेलिंग पर चढ़ी हुई थी और नीचे मौजूद लोग उसे पीछे हटने के लिए आवाज लगा रहे थे। इस दौरान महिला कह रही थी कि कोई उसके पास आने की कोशिश करेगा तो वह कूद जाएगी। उसने मौके पर एडिशनल डीसीपी, जज और मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग की।महिला का कहना था कि उसे न्याय मिलना चाहिए और उसकी लव मैरिज को रद्द किया जाना चाहिए। वह अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान थी। इस दौरान परिसर में मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार अपनी मांग पर अड़ी रही।
एडवोकेट ने बातों में उलझाकर पकड़ा हाथ
एडवोकेट चरणजीत भाटी ने बताया कि वह फैमिली कोर्ट में प्रवेश ही कर रहे थे, तभी उनकी नजर बिल्डिंग की छत पर गई। उन्होंने देखा कि एक महिला रेलिंग पर चढ़ी हुई है और नीचे मौजूद लोग उसे पीछे हटने के लिए कह रहे हैं।भाटी के अनुसार, वह बिना देर किए सीढ़ियों से दौड़कर छत पर पहुंचे। तब तक फैमिली कोर्ट और महिला आयोग के तीन-चार कर्मचारी भी वहां पहुंच चुके थे। महिला किसी को अपने पास आने से रोक रही थी और कूदने की धमकी दे रही थी।एडवोकेट चरणजीत भाटी ने बताया कि उन्होंने महिला को बातचीत में उलझाया और धीरे-धीरे उसके पास पहुंच गए। मौका मिलते ही उन्होंने महिला का हाथ पकड़कर उसे रेलिंग से दूसरी तरफ खींच लिया। इसी दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों ने भी महिला को पकड़ लिया। इस तरह समय रहते उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस महिला को थाने ले गई, कोर्ट ने दिए देखभाल के निर्देश
घटना की सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले गई। बाद में उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। फैमिली कोर्ट ने महिला को ज्योति नगर थाना पुलिस के सुपुर्द करते हुए उसकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।महिला के छत पर चढ़ने और रेलिंग के पास पहुंचने से परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया था। हालांकि, एडवोकेट और कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

