Samachar Nama
×

जयपुर महिला आयोग परिसर में महिला ने किया सुसाइड का प्रयास, वीडियो में जाने छत की रेलिंग पर चढ़ी; वकील और कर्मचारियों ने बचाया

जयपुर महिला आयोग परिसर में महिला ने किया सुसाइड का प्रयास, वीडियो में जाने छत की रेलिंग पर चढ़ी; वकील और कर्मचारियों ने बचाया

जयपुर में महिला आयोग परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पति के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंची एक महिला छत की रेलिंग पर चढ़ गई और कूदने की कोशिश करने लगी। महिला को समय रहते एडवोकेट चरणजीत भाटी और फैमिली कोर्ट व महिला आयोग के कर्मचारियों ने पकड़ लिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

मामला टोंक रोड पर गांधी नगर मोड़ स्थित महिला आयोग परिसर का है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के खिलाफ शिकायत लेकर महिला आयोग पहुंची थी। आरोप है कि वहां सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर वह बिल्डिंग की छत पर चढ़ गई और रेलिंग के पास पहुंचकर कूदने की चेतावनी देने लगी।

महिला ने रखी तीन अधिकारियों को बुलाने की मांग

एडवोकेट चरणजीत भाटी ने बताया कि वह फैमिली कोर्ट में प्रवेश ही कर रहे थे, तभी उनकी नजर बिल्डिंग की छत पर रेलिंग के पास खड़ी महिला पर पड़ी। नीचे मौजूद लोग उसे पीछे हटने के लिए आवाज लगा रहे थे। यह देखते ही वह बिना देर किए सीढ़ियों से दौड़कर छत पर पहुंचे। उस समय फैमिली कोर्ट और महिला आयोग के तीन-चार कर्मचारी भी वहां पहुंच चुके थे।

भाटी के अनुसार, महिला कर्मचारियों से कह रही थी कि अगर कोई उसके पास आया तो वह कूद जाएगी। वह एडिशनल डीसीपी, जज और मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी। महिला का कहना था कि उसे न्याय चाहिए और उसकी लव मैरिज को रद्द किया जाना चाहिए।

बातों में उलझाकर महिला को पकड़ा

एडवोकेट चरणजीत भाटी ने बताया कि उन्होंने महिला को बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही उसका हाथ पकड़कर उसे रेलिंग से दूसरी तरफ खींच लिया। इसी दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों ने भी महिला को पकड़ लिया। इस तरह समय रहते उसे नीचे गिरने से बचा लिया गया।

पुलिस ने महिला को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया

घटना की सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई। बाद में उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। फैमिली कोर्ट ने महिला को ज्योति नगर थाना पुलिस को सौंपते हुए उसकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घटना के बाद महिला आयोग परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Share this story

Tags