Samachar Nama
×

दाल-बाटी-चूरमा पर नहीं आया जवाब तो नितिन नवीन बोले- कहीं बाहर से तो नहीं बुलाया? फुटेज में देंखे फिर गूंजा राजस्थान के सूरमा

दाल-बाटी-चूरमा पर नहीं आया जवाब तो नितिन नवीन बोले- कहीं बाहर से तो नहीं बुलाया? फुटेज में देंखे फिर गूंजा राजस्थान के सूरमा

जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जेन-जी युवाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में युवाओं से उनके अनुभव, भविष्य की योजनाओं और देश-प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका को लेकर बातचीत हुई। इसी दौरान राजस्थान की पहचान से जुड़े ‘दाल-बाटी-चूरमा’ के नारे पर हुआ एक वाकया चर्चा में आ गया। नितिन नवीन ने मंच से युवाओं में जोश भरने के लिए नारा लगाते हुए कहा, ‘दाल-बाटी-चूरमा।’ हालांकि, पहली बार सभागार में मौजूद युवाओं की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया। इस पर नितिन नवीन ने युवाओं की ओर देखते हुए पूछा, ‘इसके आगे क्या है?’

इसके बाद उन्होंने एक बार फिर मंच से कहा, ‘दाल-बाटी-चूरमा।’ इस बार सभागार में बैठे कुछ युवाओं ने जवाब दिया, ‘हम राजस्थान के सूरमा।’ हालांकि, युवाओं की आवाज कम सुनाई देने पर नितिन नवीन ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यह राजस्थान की आवाज नहीं लग रही है, कहीं और से तो युवाओं को नहीं बुलाया गया है।इसके बाद ऑडिटोरियम में मौजूद युवाओं ने एक साथ जोर से ‘हम राजस्थान के सूरमा’ का नारा लगाया। इस दौरान सभागार में माहौल जोशीला हो गया। नारे का यह संवाद कार्यक्रम के दौरान चर्चा का प्रमुख हिस्सा रहा।

युवा संवाद कार्यक्रम में नितिन नवीन ने युवाओं से राजनीति में उनकी रुचि को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि सभागार में मौजूद कितने युवा राजनीति में आना चाहते हैं। इसके अलावा उन्होंने युवाओं को शॉर्टकट से बचने और लगातार मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन को छोटी दौड़ के बजाय लंबी रेस की तरह देखना चाहिए।कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश और समाज के प्रति संवेदनशील रहते हुए आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम में युवाओं ने अपने अनुभव और भविष्य की योजनाएं साझा कीं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से युवा इस संवाद से जुड़े थे।

नितिन नवीन ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का सकारात्मक और रचनात्मक इस्तेमाल करने की भी अपील की। उन्होंने युवाओंको सही दिशा चुनने और तकनीक का उपयोग रचनात्मक कामों के लिए करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विकसित राजस्थान और विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई।जयपुर में आयोजित यह युवा संवाद भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े कार्यक्रमों का हिस्सा था। नितिन नवीन के जयपुर दौरे में युवा संवाद के अलावा संगठनात्मक बैठक और निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम हुए। बिड़ला ऑडिटोरियम का युवा संवाद खास तौर पर जेन-जी युवाओं से सीधे बातचीत पर केंद्रित रहा।

Share this story

Tags