राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, वीडियो में देखें कड़ाके की ठंड के बाद बारिश और घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित
राजस्थान में कड़ाके की ठंड के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र में बुधवार रात से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। देर रात बूंदाबांदी शुरू हुई, जो गुरुवार तड़के रिमझिम बारिश में तब्दील हो गई। बारिश के साथ ही घना कोहरा छा गया, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में दृश्यता 30 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
डीग के अलावा सीकर, कोटा, जैसलमेर, करौली, अलवर सहित प्रदेश के अनेक जिलों में गुरुवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। हाईवे और शहरों के मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालकों ने हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सफर किया, फिर भी दुर्घटना का खतरा बना रहा।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। घने कोहरे के कारण कई ट्रेनों की रफ्तार थम गई। उत्तर भारत से गुजरने वाली और राजस्थान से आने-जाने वाली कई ट्रेनें एक से तीन घंटे तक देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रेलवे प्रशासन यात्रियों से सतर्कता बरतने और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील कर रहा है।
कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं। प्रदेश के 27 जिलों में गुरुवार को भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं जोधपुर में सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। यहां स्कूलों का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा, ताकि बच्चों को ठंड से राहत मिल सके।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए भी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के 23 जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट घोषित किया गया है। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर समेत 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां घना कोहरा और तेज ठंड पड़ने की संभावना है। वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर सहित 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें और कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

