Samachar Nama
×

राजस्थान में फिर बदला मौसम: जयपुर, अजमेर, सीकर समेत कई जिलों में बारिश, सड़कें जलमग्न

राजस्थान में फिर बदला मौसम: जयपुर, अजमेर, सीकर समेत कई जिलों में बारिश, वीडियो में जाने सड़कें जलमग्न

राजस्थान में मानसून की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली। गुरुवार को जयपुर, सीकर, अजमेर समेत कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में शाम के समय तेज बारिश होने से कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। वहीं अजमेर के केकड़ी में करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में पानी जमा हो गया।

जयपुर में तेज बारिश, कई जगह लगा जाम

राजधानी जयपुर में गुरुवार शाम मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। आदर्श नगर क्षेत्र में पिंक स्क्वायर मॉल के सामने सड़क पर बारिश का पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई।बारिश के दौरान कई लोग सुरक्षित स्थानों पर रुकते नजर आए, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के निचले इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था को लेकर भी लोगों को दिक्कत हुई।

सीकर और अजमेर में भी बरसे बादल

सीकर में चार दिन के अंतराल के बाद गुरुवार सुबह बारिश हुई। सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिन में बादलों की आवाजाही के बाद कुछ इलाकों में फिर बारिश की स्थिति बनी।अजमेर शहर में शाम के समय मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। जिले के केकड़ी में करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।

बूंदी में खेतों में कटी फसलें भीगीं

बूंदी जिले में बारिश किसानों के लिए परेशानी लेकर आई। जिले के कई इलाकों में बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी उड़द और सोयाबीन की फसलें भीग गईं। किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। कटाई के बाद खेतों में रखी फसल के लिए अचानक हुई बारिश नुकसान का कारण बन सकती है।

गंगापुर सिटी और नदबई में भी जलभराव

सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में बारिश के बाद बाजार क्षेत्र में पानी भर गया। दुकानदारों और राहगीरों को जलभराव के कारण परेशानी हुई। वहीं भरतपुर जिले के नदबई में शाम के समय तेज हवा के साथ बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी जमा हो गया।इससे पहले बुधवार को भी राजस्थान के कई जिलों में छितराई बारिश दर्ज की गई थी। राजसमंद, पाली, करौली, जोधपुर और बीकानेर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। लगातार बदल रहे मौसम के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। किसानों और आम लोगों की नजर अब आने वाले दिनों के मौसम पर बनी हुई है।

Share this story

Tags