राजधानी जयपुर के महेश नगर थाना क्षेत्र में करतारपुर नाले के पास रविवार देर रात शराब बिक्री को लेकर जमकर हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि स्थानीय लोगों और ठेके से जुड़े व्यक्तियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे कॉलोनी के लोगों ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय के बाद भी ठेके से शराब की बिक्री की जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि बंद शटर के बावजूद एक छोटे सुराख के जरिए बाहर खड़े लोगों को शराब दी जा रही थी।
शराब ठेका के बाहर हुई इस कथित अनियमित बिक्री को लेकर जब लोगों ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
इसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई और हंगामे में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शराब बिक्री में नियमों के उल्लंघन की जांच की मांग की है।

