Samachar Nama
×

अभिनेत्री तृषा पर कथित टिप्पणी के मामले में उदयनिधि स्टालिन से 8 घंटे पूछताछ, वीडियो में जाने बाद में रिहा; पुलिस ने दर्ज किया केस

अभिनेत्री तृषा पर कथित टिप्पणी के मामले में उदयनिधि स्टालिन से 8 घंटे पूछताछ, वीडियो में जाने बाद में रिहा; पुलिस ने दर्ज किया केस

अभिनेत्री तृषा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लेकर करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली के दौरान यह विवाद शुरू हुआ। कार्यक्रम में मौजूद भीड़ ने "तृषा, तृषा" के नारे लगाने शुरू कर दिए। आरोप है कि इस दौरान उदयनिधि स्टालिन ने टिप्पणी करते हुए कहा, "पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए।" इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया और इसे अभिनेत्री तृषा से जोड़कर देखा गया। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उदयनिधि स्टालिन ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी का संबंध किसी व्यक्ति से नहीं था। उनके अनुसार, उनका इशारा केवल कावेरी नदी के पानी और उससे जुड़े मुद्दे की ओर था, न कि अभिनेत्री तृषा की ओर।

विवाद के बाद पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ छह धाराओं में मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दाखिल की थी। हालांकि, याचिका पर सुनवाई होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

इस बीच यह मामला राजनीतिक और फिल्मी जगत दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्षी दल और विभिन्न संगठनों ने इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं, जबकि सोशल मीडिया पर भी इस कथित टिप्पणी को लेकर बहस जारी है।अब सभी की नजर पुलिस जांच और अदालत में चल रही कानूनी प्रक्रिया पर टिकी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share this story

Tags