Samachar Nama
×

उदयपुर में दर्दनाक हादसा: होटल की खिड़की से पिछोला झील में गिरी 2 साल की बच्ची, फुटेज में देंखे डूबने से मौत

उदयपुर में दर्दनाक हादसा: होटल की खिड़की से पिछोला झील में गिरी 2 साल की बच्ची, फुटेज में देंखे डूबने से मौत

राजस्थान के उदयपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जगत निवास होटल की खिड़की से गिरने के बाद 2 साल की बच्ची की पिछोला झील में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद बच्ची के शव को झील से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के फतहपुर बेरी असोला निवासी सोनू सिंह तंवर अपनी पत्नी डॉ. मोनिका और 2 साल की बेटी धीमही के साथ उदयपुर घूमने आए थे। परिवार शहर की मशहूर जगत निवास होटल में ठहरा हुआ था।

ब्रेकफास्ट के दौरान हुआ हादसा

घंटाघर थाना पुलिस के ASI ईशाक मोहम्मद ने बताया कि शनिवार सुबह परिवार होटल की दूसरी मंजिल पर ब्रेकफास्ट करने पहुंचा था। इसी दौरान माता-पिता नाश्ता लेने के लिए आगे बढ़े। कुछ ही पलों में पीछे से बच्ची होटल की गोखड़े (खिड़की) से नीचे पिछोला झील में जा गिरी।बच्ची के झील में गिरते ही होटल और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत बच्ची को बचाने के लिए प्रयास शुरू किए। काफी प्रयासों के बाद बच्ची को झील से बाहर निकाला गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

बच्ची को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बच्ची खेलते-खेलते खिड़की के पास पहुंच गई और अचानक संतुलन बिगड़ने से झील में गिर गई।

परिवार में पसरा मातम

घूमने के लिए उदयपुर आए परिवार के साथ हुए इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो साल की मासूम की मौत के बाद होटल परिसर में भी माहौल गमगीन हो गया।पुलिस ने होटल प्रबंधन और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और खिड़की की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।उदयपुर जैसे पर्यटन शहर में इस तरह की घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।

Share this story

Tags