Samachar Nama
×

जयपुर में SUV से दो युवकों को कुचला, टक्कर के बाद तेज रफ्तार में भागा ड्राइवर; VIDEO वायरल

जयपुर में SUV से दो युवकों को कुचला, टक्कर के बाद तेज रफ्तार में भागा ड्राइवर; VIDEO वायरल

राजधानी जयपुर में SUV से दो युवकों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक SUV चालक सड़क पर मौजूद दो युवकों को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार में गाड़ी भगाता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मामला रामनगरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में एक कॉलोनी की सड़क पर SUV के आसपास 10 से अधिक युवक दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, SUV सवार युवकों और वहां मौजूद कुछ युवकों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मामला बढ़ गया और SUV सवार युवकों ने गाड़ी से दो युवकों को टक्कर मार दी।

पहले हुआ था युवकों में विवाद

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर कई युवक मौजूद हैं। इसी दौरान SUV आगे बढ़ती है और सामने खड़े एक युवक को टक्कर मार देती है। इसके बाद वाहन चालक कुछ दूरी पर मौजूद दूसरे युवक की ओर भी गाड़ी ले जाकर उसे टक्कर मारता दिखाई देता है।दोनों युवकों को टक्कर मारने के बाद SUV चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से निकल जाता है। घटना के बाद सड़क पर मौजूद कुछ लोग घायल युवकों को संभालने के लिए उनके पास पहुंचते हैं।हालांकि, वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रहे युवक कौन हैं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

SUV के टायर को लेकर हुआ था विवाद

सांगानेर एसपी दीपक खंडेलवाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ युवक किराए पर SUV लेकर गए थे। SUV के टायर फटने या कटने के बाद उसे ठीक कराने को लेकर विवाद हुआ था।बताया जा रहा है कि वाहन के टायरों की मरम्मत से जुड़े पैसों को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद युवकों के बीच झगड़ा होने की बात सामने आई है।एसपी के मुताबिक फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।

वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की जा रही है। इसके बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना कब हुई, इसमें शामिल युवक कौन हैं और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी।फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि SUV से युवकों को जानबूझकर टक्कर मारी गई या विवाद के दौरान गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है।

Share this story

Tags