बीकानेर में बदमाशों के दो गुट भिड़े, फुटेज में देंखे युवकों पर चढ़ाने दौड़ाई बोलेरो कैंपर; फायरिंग की भी सूचना
राजस्थान के बीकानेर में गुरुवार दोपहर बदमाशों के दो गुटों के बीच टकराव के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र के बंगलानगर इलाके में एक गुट के बदमाशों ने युवकों की तरफ तेज रफ्तार से बोलेरो कैंपर दौड़ा दी। इस दौरान एक युवक वाहन की चपेट में आ गया, लेकिन सीढ़ियां आ जाने से उसकी जान बच गई। घटना के दौरान फायरिंग होने की सूचना भी सामने आई है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, बदमाशों के दो गुटों के बीच पीछा करने और आमने-सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और वाहनों से हमला करने जैसी स्थिति बन गई।
ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला
जानकारी के मुताबिक, एक गुट के बदमाश बोलेरो कैंपर में सवार होकर दूसरे गुट का पीछा करते हुए बंगलानगर पहुंचे थे। वहां मौजूद युवकों ने कैंपर सवार लोगों पर ईंटों, पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। शुरुआत में वाहन चालक ने गाड़ी पीछे ली, लेकिन इसके बाद तेज रफ्तार से युवकों की ओर कैंपर दौड़ा दिया।युवकों ने भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। इसी दौरान एक युवक वाहन की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि पास में सीढ़ियां होने के कारण वह गंभीर हादसे से बच गया। घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी भी टक्कर और झटके से उछलकर दूर जा गिरी।
दो कारों को टक्कर मारकर फरार हुए बदमाश
बताया जा रहा है कि बोलेरो कैंपर रुकने के बाद दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। युवकों ने दोबारा वाहन पर हमला कर दिया। इसके बाद कैंपर चालक ने गाड़ी पीछे लेते हुए वहां खड़ी दो कारों को टक्कर मार दी और फिर तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गया।घटनाक्रम के दौरान कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर कैंपर के पीछे भागते हुए भी नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायरिंग की सूचना, पुलिस को शिकायत का इंतजार
मुक्ताप्रसाद नगर थाना के कार्यवाहक थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया गया है।पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल लोगों की पहचान, फायरिंग की सूचना की पुष्टि और वाहनों को हुए नुकसान समेत अन्य पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।बंगलानगर में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ और पूरे घटनाक्रम में किन लोगों की भूमिका रही।

