Samachar Nama
×

अलवर में टाटा कार से परेशान अफसर ने शोरूम में परिवार के साथ दिया धरना, वीडियो में देंखे कार पर लिखा- ‘गधा खरीद लेना बेहतर’

अलवर में टाटा कार से परेशान अफसर ने शोरूम में परिवार के साथ दिया धरना, वीडियो में देंखे कार पर लिखा- ‘गधा खरीद लेना बेहतर’

 

अलवर जिले के रैणी एसडीएम कार्यालय के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी (AAO) दीपक ने टाटा कार में बार-बार आ रही खराबियों से परेशान होकर मंगलवार को अनोखा विरोध किया। वह परिवार के साथ हनुमान चौराहा स्थित टाटा मोटर्स शोरूम पहुंचे और अपनी कार खड़ी कर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कार पर कंपनी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए एक संदेश भी लिख दिया।दीपक ने कार पर लिखा, ‘टाटा की कार खरीदने से बढ़िया है गधा खरीद लेना, वजन तौलने के तो काम आएगा। टाटा क्लासिक मोटर्स अलवर से ये गधा मैंने 12 लाख में लिया है।’

तीन साल से कार को लेकर परेशान होने का दावा

AAO दीपक ने बताया कि कार खरीदने के बाद से ही उसमें लगातार समस्याएं आती रही हैं। कभी बैटरी खराब हो जाती थी तो कभी एसी में परेशानी आती थी। उन्होंने कई बार शोरूम में शिकायत की, लेकिन उनके मुताबिक कार की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।दीपक का कहना है कि वह करीब तीन साल से कार को लेकर परेशान थे। आखिरकार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने परिवार के साथ कार लेकर टाटा मोटर्स के शोरूम पहुंच गए। उन्होंने कार शोरूम में खड़ी की और वहीं धरने पर बैठ गए।

कंपनी अधिकारियों से मांगा जवाब

धरने के दौरान दीपक ने कंपनी के अधिकारियों से कार में आ रही लगातार खराबियों को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने मांग की कि कार की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। परिवार के साथ अधिकारी के धरने पर बैठने के बाद शोरूम में लोगों की भीड़ जुट गई।करीब डेढ़ बजे कंपनी के कर्मचारियों ने दीपक से बातचीत शुरू की। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद कंपनी ने उनकी कार वापस लेने पर सहमति जताई।

कंपनी ने लौटाए 12 लाख रुपए

बातचीत के बाद कंपनी ने दीपक की कार वापस ले ली और उन्हें 12 लाख रुपए लौटा दिए। समझौता होने के बाद AAO दीपक ने अपना धरना समाप्त कर दिया।यह पूरा मामला मंगलवार को अलवर के हनुमान चौराहा स्थित टाटा मोटर्स शोरूम का है। कार में लगातार आ रही खराबियों को लेकर दीपक के विरोध का तरीका सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share this story

Tags