जयपुर में दर्दनाक हादसा: सब्जियों से भरी पिकअप पलटी, फुटेज में देंखे किसान की मौत; पांच घायल
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। आमेर थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर सब्जियों से भरी पिकअप पलटने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि पिकअप के पलटने के बाद एक किसान उसके नीचे दब गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कुंडा चेक पोस्ट के पास हुआ हादसा
आमेर थाना अधिकारी राजेंद्र गोदार ने बताया कि हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कुंडा स्थित आमेर चेक पोस्ट के पास हुआ।हादसे में माथासूला क्षेत्र की रावका की ढाणी निवासी 55 वर्षीय रामनारायण मीणा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पिकअप पलटने के दौरान रामनारायण मीणा वाहन के नीचे दब गए थे। उनके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।
जयपुर मंडी जा रहे थे किसान
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में सवार सभी लोग जमवारामगढ़ क्षेत्र के माथासूला से सब्जियां भरकर जयपुर मंडी में बेचने के लिए जा रहे थे।जब पिकअप जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कुंडा चेक पोस्ट के पास पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक पिकअप को संभाल नहीं पाया और कुछ ही पल में वाहन सड़क पर पलट गया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों को SMS अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे में घायल पांच लोगों को तुरंत इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS Hospital), जयपुर पहुंचाया गया।पुलिस के अनुसार, घायलों में लालचंद मीणा को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई।पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय पिकअप की रफ्तार कितनी थी और वाहन में कितनी क्षमता के अनुसार सामान व लोग मौजूद थे।इस हादसे के बाद किसान परिवार में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

