Samachar Nama
×

जयपुर में आज उप जिला प्रमुख का चुनाव, कांग्रेस के पास 57 में से 42 सीटें; वीडियो में जाने भाजपा उम्मीदवार उतारेगी या नहीं, नजरें टिकीं

जयपुर में आज उप जिला प्रमुख का चुनाव, कांग्रेस के पास 57 में से 42 सीटें; वीडियो में जाने भाजपा उम्मीदवार उतारेगी या नहीं, नजरें टिकीं

जयपुर में जिला प्रमुख चुनाव के बाद गुरुवार को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 बजे से मतदान कराया जाएगा। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि भाजपा उप जिला प्रमुख पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारती है या नहीं।

जयपुर जिला परिषद की कुल 57 सीटों में से कांग्रेस के पास 42 सीटें हैं। जिला प्रमुख के चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार को 42 वोट मिले थे। ऐसे में उप जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि भाजपा इस पद के लिए उम्मीदवार नहीं उतार सकती।

कई जिलों में बिगड़ा बहुमत का गणित

राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद जिला प्रमुखों के चुनाव में कई जगह बहुमत का गणित बदल गया। जिला परिषद सदस्य चुनाव में जिस पार्टी के पास ज्यादा सीटें थीं, वह हर जिले में जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल नहीं कर सकी। क्रॉस वोटिंग और अंतिम समय में बने राजनीतिक समीकरणों ने कई जिलों के नतीजे बदल दिए।निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की 37 जिला परिषदों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 24 जिलों में जिला प्रमुख बनाए। भाजपा को 10 जिलों में सफलता मिली। वहीं, आदिवासी अंचल में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने दो जिलों में अपने जिला प्रमुख बनवाए। हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को नागौर में सफलता मिली।

27 और 28 नवंबर को होंगे पंचायत समिति के चुनाव

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख के चुनाव कराए जाएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे।जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब उप जिला प्रमुख के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजर है। जयपुर में कांग्रेस के पास स्पष्ट संख्या बल होने के कारण मुकाबले की स्थिति भाजपा के उम्मीदवार उतारने के फैसले पर निर्भर करेगी।

Share this story

Tags