राजस्थान विधानसभा में मंगलवार (17 फरवरी) को बजट को लेकर जोरदार सियासी तकरार देखने को मिली। दिनभर चले हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन दोबारा शुरू होने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बजट पर अपनी राय और सुझाव रखे। उन्होंने सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरते हुए तीखा हमला बोला।
विपक्ष की ओर से बोलते हुए जूली ने आरोप लगाया कि सरकार ने कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बजट में कटौती की है। उन्होंने कहा कि पूरे बजट में केवल आंकड़ों का मकरजाल है, जमीनी स्तर पर कोई ठोस योजना नजर नहीं आती।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है, लेकिन बजट में रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस रोडमैप पेश नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट केवल जनता को भ्रमित करने के लिए पेश किया गया है।
विधानसभा में बजट को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस जारी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में गर्माता रहेगा।

