भंवरी विश्नोई हत्याकांड में हजारों लोगों ने घेरा कलेक्ट्रेट, वीडियो में जाने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग; DSP और SHO हटाने की भी मांग
फलोदी जिले के लोहावट में 27 जुलाई की रात हुई भंवरी विश्नोई की हत्या के मामले में मंगलवार को लोगों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। हजारों की संख्या में लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए और घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी सतनाम सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही लोगों ने लोहावट डीएसपी भवानी सिंह और एसएचओ हरिसिंह राजपुरोहित को हटाने की मांग भी रखी।
प्रदर्शन से पहले नागौर चौराहे पर एक सभा आयोजित की गई। सभा के बाद हजारों लोग एक साथ नागौर रोड, नगर परिषद और अंबेडकर सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। भीड़ इतनी अधिक थी कि कलेक्ट्रेट परिसर में खड़े होने तक की जगह नहीं बची। बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट के बाहर, नेशनल हाईवे और रेलवे ओवरब्रिज पर भी खड़े नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
लोगों का कहना है कि भंवरी विश्नोई की हत्या को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार और क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की मांग करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग बाहर ही बैठ गए।दरअसल, 27 जुलाई की रात लोहावट के जंभेश्वरनगर निवासी भंवरी विश्नोई अपनी बेटियों के साथ घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और भंवरी देवी के गले पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला चीखने लगी। पास में सो रही उनकी दोनों बेटियां रामज्योति और सोनू मां की आवाज सुनकर जाग गईं।
मां पर हमला होते देख दोनों बेटियां उसे बचाने के लिए हमलावर की ओर दौड़ीं। उन्होंने बदमाश से हाथापाई करने की कोशिश की। इस दौरान हमलावर ने दोनों बच्चियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों बेटियां घायल हो गईं। वहीं, गंभीर रूप से घायल भंवरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। मंगलवार को यही नाराजगी बड़े प्रदर्शन के रूप में सामने आई। हजारों लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को दिए ज्ञापन में हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की। लोगों ने लोहावट डीएसपी भवानी सिंह और थाना प्रभारी हरिसिंह राजपुरोहित को हटाने की मांग करते हुए कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में असंतोष है।कलेक्ट्रेट के बाहर देर तक लोगों का प्रदर्शन जारी रहा। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई। फिलहाल प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। अब लोगों की नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

