रिटायर्ड कर्नल के सूने मकान में 80 लाख की चोरी, फुटेज में देंखे लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवर ले गए चोर
राजधानी जयपुर में चोरों ने एक रिटायर्ड कर्नल के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मामला बिंदायका थाना इलाके का है, जहां चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा और लॉक तोड़कर करीब 80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय मकान मालिक अपनी पत्नी के साथ शहर से बाहर गए हुए थे।चोरी का पता 31 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे चला, जब कामवाली बाई रोज की तरह घर पहुंची। मुख्य दरवाजे का लॉक और दरवाजा टूटा देखकर उसने तुरंत पड़ोसी को इसकी जानकारी दी। पड़ोसी ने पुलिस को सूचना देने के साथ मकान मालिक को भी फोन कर घटना के बारे में बताया।
सास के निधन के बाद नीमकाथाना गए थे दंपती
पुलिस के मुताबिक पैराडाइज आनंद सोसायटी, सिरसी रोड निवासी रिटायर्ड कर्नल महावीर प्रसाद जांगिड़ अपनी पत्नी के साथ 19 अगस्त से नीमकाथाना गए हुए थे। परिवार में उनकी सास के निधन के बाद दोनों घर से बाहर थे।इसी दौरान चोरों ने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। घर कई दिनों से बंद था और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के समय मकान में प्रवेश किया। चोरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़ा और अंदर घुसने के बाद घर के अलग-अलग हिस्सों को खंगाला।
कामवाली ने देखा टूटा हुआ दरवाजा
31 अगस्त की सुबह जब कामवाली घर पर पहुंची तो उसे मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा हुआ दिखाई दिया। दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था। घर में चोरी होने की आशंका पर उसने तत्काल पड़ोसी भवानी सिंह राठौड़ को इसकी जानकारी दी।पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही मकान मालिक महावीर प्रसाद जांगिड़ को फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नीमकाथाना से जयपुर पहुंचे मकान मालिक
चोरी की सूचना मिलते ही रिटायर्ड कर्नल महावीर प्रसाद नीमकाथाना से जयपुर के लिए रवाना हुए। उनके जयपुर पहुंचने के बाद घर से चोरी गए सामान की जानकारी जुटाई गई। शुरुआती तौर पर सोने-चांदी के करीब 80 लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर घर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को कितने लोगों ने मिलकर अंजाम दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले किसी संदिग्ध व्यक्ति ने सोसायटी और मकान के आसपास रेकी तो नहीं की थी।कई दिनों से मकान बंद होने के कारण पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले घर की निगरानी की होगी और मकान मालिक के बाहर जाने की जानकारी जुटाने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए जेवरात की विस्तृत सूची तैयार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। राजधानी में सूने मकानों को निशाना बनाने वाली इस वारदात ने एक बार फिर लंबे समय तक घर बंद रखकर बाहर जाने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

