राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज, वीडियो में देंखे नया वेदर सिस्टम एक्टिव, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
राजस्थान में शनिवार से मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पूरे राज्य में देखने को मिलेगा। आने वाले कुछ दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 28 मार्च से लेकर 1 अप्रैल और उसके बाद के दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। इस बदलाव के चलते फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
विभाग ने आज प्रदेश के 7 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही किसानों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि असमय बारिश और ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है।पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम साफ रहा। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर सहित अधिकांश शहरों में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई और कई इलाकों में गर्मी का असर महसूस किया गया।
हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रहेगी। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी और बादल बनने की प्रक्रिया तेज होगी, जिससे बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रह सकता है। यानी इस दौरान भीषण गर्मी की शुरुआत फिलहाल टल सकती है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं।फिलहाल पूरे राज्य की नजर आगामी दिनों के मौसम पर टिकी हुई है, क्योंकि इस बदलाव से एक ओर जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कृषि क्षेत्र के लिए चुनौती भी बढ़ सकती है।

