जयपुर में शुरू हुई ‘आश्रम 4’ की शूटिंग, प्रियंका हॉस्पिटल में फिल्माए गए सीन, वीडियो में जाने प्रकाश झा ने कलाकारों को समझाई किरदार की बारीकियां
बॉबी देओल स्टारर चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन ‘आश्रम 4’ की शूटिंग जयपुर में शुरू हो गई है। मानसरोवर स्थित प्रियंका हॉस्पिटल में सीरीज के कई महत्वपूर्ण सीन फिल्माए गए। शूटिंग के दौरान प्रोड्यूसर-डायरेक्टर प्रकाश झा कलाकारों को उनके किरदार और सीन की बारीकियां समझाते नजर आए।
हरियाणा पुलिस की टीम पहुंचेगी अस्पताल
सीरीज की कहानी के मुताबिक, हॉस्पिटल में हरियाणा पुलिस की टीम जांच के लिए पहुंचती है। इसी घटनाक्रम से जुड़े सीन जयपुर के प्रियंका हॉस्पिटल में शूट किए जा रहे हैं।शूटिंग के दौरान अस्पताल परिसर में कलाकारों और क्रू की मौजूदगी देखने को मिली। इससे आसपास के लोगों में भी सीरीज की शूटिंग को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
जवाहर सर्किल और NRI क्षेत्र में भी होगी शूटिंग
‘आश्रम 4’ के कई अन्य सीन भी जयपुर में फिल्माए जाएंगे। इसके लिए जवाहर सर्किल और NRI क्षेत्र को भी शूटिंग लोकेशन के तौर पर चुना गया है।वहीं, सीरीज के मुख्य अभिनेता बॉबी देओल भी जल्द जयपुर पहुंचेंगे और शूटिंग टीम के साथ जुड़ेंगे। उनके जयपुर आने को लेकर फैंस के बीच भी उत्सुकता है।
ये कलाकार भी आएंगे नजर
‘आश्रम 4’ में बॉबी देओल के साथ कई पुराने और चर्चित कलाकार दिखाई देंगे। सीरीज की स्टारकास्ट में चंदन रॉय सान्याल, अदिति पोहनकर, अक्षय ओबेरॉय, सचिन श्रॉफ, दर्शन कुमार, त्रिधा चौधरी और अनुप्रिया गोयनका शामिल हैं।
पिछला सीजन भी जयपुर में हुआ था शूट
जयपुर ‘आश्रम’ सीरीज के लिए नया शूटिंग लोकेशन नहीं है। इससे पहले भी सीरीज के पिछले सीजन की शूटिंग शहर में की जा चुकी है। इस बार भी जयपुर को कहानी के महत्वपूर्ण हिस्सों की शूटिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। शहर में शूटिंग शुरू होने के बाद कलाकारों और क्रू की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, ‘आश्रम’ के अगले सीजन को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

