Samachar Nama
×

सुप्रीम कोर्ट बोला- सरकारों ने वोट के लिए अवैध निर्माण को बढ़ावा दिया, फुटेज में देखें पुछा आज मकान तो कल दुकान या होटल कैसे बन जाता है?

सुप्रीम कोर्ट बोला- सरकारों ने वोट के लिए अवैध निर्माण को बढ़ावा दिया, फुटेज में देखें पुछा आज मकान तो कल दुकान या होटल कैसे बन जाता है?

सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में बढ़ते अवैध निर्माण और आवासीय मकानों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि नगर निगमों और स्थानीय निकायों की जांच व्यवस्था बदहाल है। कई बार अधिकारी निर्माण पूरा होने के बाद निरीक्षण करते हैं, जब तक अवैध निर्माण हो चुका होता है। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि चुनाव से पहले राज्य सरकारें अवैध निर्माण को नियमित करने की उम्मीद देकर ऐसे मामलों को बढ़ावा देती हैं।

न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने कहा कि अवैध निर्माण के मामलों में नगर निगम अधिकारियों की मिलीभगत और सरकारों की भूमिका भी सामने आती है। अदालत ने सवाल उठाया कि आखिर आवासीय मकान कुछ समय बाद दुकान या होटल में कैसे बदल जाते हैं और संबंधित अधिकारी इस पर कार्रवाई क्यों नहीं करते?

नगर निगमों की जांच व्यवस्था पर सवाल

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि कई शहरों में नगर निगमों की निरीक्षण व्यवस्था केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। अधिकारी अक्सर तब जांच करने पहुंचते हैं, जब इमारत बनकर तैयार हो जाती है और नियमों का उल्लंघन हो चुका होता है।

पीठ ने कहा कि नियमों को लागू करने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, अगर वही अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो कानून का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। अवैध निर्माण को रोकने के बजाय कई बार उसे बाद में नियमित करने की उम्मीद दी जाती है।

पूरे देश के लिए एक जैसा आदेश देना व्यावहारिक नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर में अवैध निर्माण के हर मामले की निगरानी करना व्यावहारिक नहीं है। अलग-अलग राज्यों में नगर निगमों और भवन निर्माण से जुड़े कानून अलग हैं। इसलिए हर राज्य के लिए एक जैसा आदेश लागू करना मुश्किल होगा।

अदालत ने व्यक्तिगत मामलों से जुड़ी याचिकाओं और आवेदनों को संबंधित हाईकोर्ट, ट्रिब्यूनल या नगर निकायों के पास जाने की छूट दी। पीठ ने कहा कि इस मामले को दो पक्षों के बीच निजी विवाद में नहीं बदलना चाहिए, बल्कि इसे व्यापक जनहित के मुद्दे के रूप में देखा जाना चाहिए।

राज्य सरकारों से मांगे सुझाव

अदालत ने राज्य सरकारों से कहा कि वे अपने अधिकारियों और नगर निकायों की कार्यप्रणाली मजबूत करने के लिए सुझाव दें। पीठ का मानना है कि अवैध निर्माण रोकने के लिए अधिकारियों को राजनीतिक और बाहरी दबाव से मुक्त होकर काम करने का माहौल मिलना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों और संबंधित विभागों को इस संबंध में जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी। अदालत ने साफ संकेत दिया कि शहरों में अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है।

Share this story

Tags