'सफलता सिर्फ पैसा और शोहरत नहीं, हर पीढ़ी की अपनी परिभाषा होती है' वीडियो में जाने जयपुर में बोले विक्रांत मैसी, शुभांशु शुक्ला और साइना नेहवाल ने भी किया युवाओं को प्रेरित
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम 'ओरिएंट 2026' के दूसरे दिन छात्रों को फिल्म, खेल और अंतरिक्ष जगत की तीन बड़ी हस्तियों ने प्रेरित किया। बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी, इसरो के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और विश्व की पूर्व नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए और जीवन में सफलता, संघर्ष तथा जिम्मेदारी का संदेश दिया।
विक्रांत मैसी बोले- हर पीढ़ी की सफलता की परिभाषा अलग होती है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा कि सफलता की परिभाषा समय और पीढ़ियों के साथ बदलती रहती है। उन्होंने कहा, "मेरे दादा-दादी के लिए सफलता का मतलब था कि परिवार को दो वक्त की रोटी मिल जाए। मेरे माता-पिता के लिए सफलता यह थी कि उनके बच्चे अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में पढ़ सकें। आज हमारी पीढ़ी के लिए सफलता के मायने अलग हैं।"मैसी ने कहा कि पैसा, प्रसिद्धि, सम्मान और अपने सपनों को पूरा करना निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन ये सभी चीजें स्थायी नहीं होतीं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे केवल भौतिक उपलब्धियों के पीछे न भागें, बल्कि जीवन के मूल्यों और संतुलन को भी महत्व दें।
शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से दिखी पृथ्वी का अनुभव साझा किया
इसरो के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने छात्रों को अंतरिक्ष से जुड़े अपने अनुभव सुनाए। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष से देखने पर पूरी पृथ्वी किसी एक परिवार की तरह दिखाई देती है।उन्होंने कहा, "जब अंतरिक्ष से पृथ्वी को देखते हैं तो सीमाएं दिखाई नहीं देतीं। पूरा ग्रह एक परिवार जैसा लगता है। यह अनुभव मानवता, जिम्मेदारी और एकता का गहरा संदेश देता है।"युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा, साहसी, महत्वाकांक्षी और निडर है। यही सोच देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।
साइना नेहवाल ने सुनाए संघर्ष और सफलता के किस्से
कार्यक्रम में विश्व की पूर्व नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने भी छात्रों से संवाद किया। उन्होंने अपने खेल जीवन के संघर्ष, कठिन प्रशिक्षण और सफलता के सफर के कई प्रेरक अनुभव साझा किए।साइना ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता पाने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत और खुद पर विश्वास सबसे जरूरी है। उन्होंने छात्रों को असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी।
छात्रों में दिखा उत्साह
जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के 'ओरिएंट 2026' कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। फिल्म, खेल और अंतरिक्ष जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों को एक मंच पर सुनने का अवसर मिलने से छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सवाल भी पूछे, जिनका अतिथियों ने अपने अनुभवों के आधार पर जवाब दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को प्रेरित करना और उन्हें जीवन, करियर तथा नेतृत्व से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभवों से जोड़ना रहा। तीनों वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की चुनौतियों और उपलब्धियों के जरिए युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

