श्रद्धा कपूर बोलीं- जयपुर मेरे लिए हमेशा लकी रहा, वीडियो में जाने ‘खम्मा घणी’ कहकर किया अभिवादन: फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए पहुंचीं पिंक सिटी, लावणी सीखने में लगाया काफी समय
बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर गुरुवार को अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही उन्होंने राजस्थानी अंदाज में ‘खम्मा घणी’ कहकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान श्रद्धा ने जयपुर से अपने खास जुड़ाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि जयपुर उनके लिए हमेशा खास और लकी रहा है। यहां उन्होंने अपनी जिन भी फिल्मों का प्रमोशन किया, उन्हें सफलता मिली है। श्रद्धा कपूर ने बताया कि जब फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशनके लिए शहरों का चयन किया जा रहा था, तब उन्होंने खुद जयपुर आने का सुझाव दिया था। उनके मुताबिक, इस शहर से उनका खास रिश्ता है और वह यहां आकर हमेशा अच्छा महसूस करती हैं।
जयपुर को बताया अपना लकी शहर
श्रद्धा कपूर ने जयपुर के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर उनके लिए हमेशा खास रहा है। उन्होंने यहां अपनी फिल्मों के प्रमोशन से जुड़ी अच्छी यादें साझा कीं। एक्ट्रेस ने कहा कि जयपुर में जिस भी फिल्म का प्रमोशन किया, उसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला।इसी वजह से उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए भी जयपुर को प्राथमिकता दी। एयरपोर्ट पर उनके राजस्थानी अंदाज में अभिवादन करने का तरीका भी चर्चा का विषय रहा।
‘ईठा’ के लिए सीखी महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी
श्रद्धा कपूर ने अपनी फिल्म ‘ईठा’ को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी कहानी है, जिसे दर्शकों को जरूर देखना चाहिए। फिल्म में महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी नृत्य शैली की खूबसूरती देखने को मिलेगी।एक्ट्रेस ने बताया कि लावणी सीखने और उसकी बारीकियों को समझने के लिए उन्होंने काफी समय दिया है। इस नृत्य का अभ्यास उनके किरदार की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। श्रद्धा के मुताबिक, किसी पारंपरिक नृत्य शैली को पर्दे पर सही तरीके से पेश करने के लिए उसकी कला, भाव-भंगिमा और प्रस्तुति को समझना जरूरी था।
रणदीप हुड्डा समेत कई कलाकार आएंगे नजर
फिल्म ‘ईठा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इससे पहले वह ‘लुका छुपी’, ‘मिमी’, ‘जरा हटके जरा बचके’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं।फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
‘ईठा’ का निर्माण मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले किया गया है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।फिल्म की कहानी, लावणी नृत्य और श्रद्धा कपूर का अलग अंदाज इसे खास बना रहे हैं। जयपुर पहुंचकर एक्ट्रेस ने फिल्म के प्रमोशन के साथ ही शहर के प्रति अपना लगाव भी जाहिर किया। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

