उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, कई शहरों में 46°C पार, वीडियो में देंखे बांदा दुनिया का सबसे गर्म शहर, केंद्र ने जारी किए हीटवेव अलर्ट के निर्देश
उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में सोमवार को भीषण गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। तेज धूप और लू के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जबकि कुछ स्थानों पर यह ऐतिहासिक स्तर तक दर्ज किया गया।बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह सोमवार को दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया। इससे पहले यहां 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है।
जैसलमेर में भी स्थिति बेहद गंभीर रही, जहां तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां अब तक का सबसे अधिक तापमान 18 अप्रैल 2025 को 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा था, लेकिन इस बार उसने भी नया रिकॉर्ड बना दिया है।मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। लंबे समय के बाद यहां इतनी भीषण गर्मी दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।
इसके अलावा देश के कुल 6 शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। इनमें बाड़मेर (46°C), वर्धा (46.5°C), अमरावती (46.6°C) और अकोला (46.3°C) जैसे शहर शामिल हैं, जहां लू की स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है।भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और सरकार ने भी कई कदम उठाए हैं। राजधानी दिल्ली में बसों में ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि बस स्टॉप्स पर यात्रियों के लिए मुफ्त ठंडा पानी और ORS की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लू और डिहाइड्रेशन से लोगों को बचाया जा सके।
इसी बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को हीटवेव से निपटने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने कहा है कि सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष “हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट” स्थापित की जाए, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों का तुरंत और प्रभावी इलाज किया जा सके।विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और हीटवेव का विस्तार जलवायु परिवर्तन का गंभीर संकेत है। आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रह सकती है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

