राजस्थान के 5 हजार सरकारी स्कूलों में खुलेंगे विज्ञान क्लब, वीडियो में जाने STEM गतिविधियों से पढ़ेंगे छात्र
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई को और अधिक प्रयोगात्मक एवं रुचिकर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश के करीब 5 हजार सरकारी स्कूलों में विज्ञान क्लब स्थापित किए जाएंगे। इसके तहत विद्यार्थियों को केवल किताबों और परिभाषाओं तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों, प्रोजेक्ट्स और आधुनिक STEM गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान की शिक्षा दी जाएगी।
स्वामी विवेकानंद मॉडल और पीएमश्री स्कूलों को प्राथमिकता
विज्ञान क्लब खोलने की योजना में प्रदेश के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल और पीएमश्री स्कूलों को प्राथमिकता दी जा रही है। टोंक समेत राज्य के विभिन्न जिलों के स्कूल इस योजना से जुड़ रहे हैं। अब तक 1100 से अधिक विज्ञान क्लबों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।
STEM गतिविधियों से समझेंगे विज्ञान
विज्ञान क्लबों में विद्यार्थियों के लिए STEM यानी साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथेमेटिक्स से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा प्रयोगात्मक कार्यशालाएं, लाइव प्रोजेक्ट और अन्य गतिविधियां कराई जाएंगी।इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें विज्ञान के विषय को व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर देना है। प्रयोगों और प्रोजेक्ट्स के माध्यम से छात्र यह समझ सकेंगे कि किताबों में पढ़ाए जाने वाले वैज्ञानिक सिद्धांत वास्तविक जीवन में किस तरह काम करते हैं।
स्कूल संस्था प्रधान को करना होगा आवेदन
विज्ञान क्लब शुरू करने के लिए संबंधित स्कूल के संस्था प्रधान या प्रधानाचार्य को आवेदन करना होगा। आवेदन मिलने के बाद उसका सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से विज्ञान क्लब का रजिस्ट्रेशन जारी किया जाएगा।
5 हजार स्कूलों तक पहुंचाने की तैयारी
राज्य में विज्ञान क्लबों का दायरा बढ़ाकर करीब 5 हजार स्कूलों तक करने की तैयारी है। योजना के तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को विज्ञान से जुड़े प्रयोगों और गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।इस पहल से विद्यार्थियों को विज्ञान विषय को रटने के बजाय उसे समझने और प्रयोग के जरिए सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही छात्रों में नवाचार, समस्या समाधान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

