कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। बोरानाडा पुलिस थाने में कंपाउंडर देवी सिंह राजपुरोहित के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में आरोप है कि साध्वी को इंजेक्शन देने के दौरान लापरवाही बरती गई। पुलिस कमिश्नर ने बीते दिनों स्पष्ट किया था कि मेडिकल अधिनियम और निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, जब प्रेम बाईसा को सांस लेने में तकलीफ हुई तो उनके पिता वीरमनाथ ने कंपाउंडर को बुलाया। आरोप है कि कंपाउंडर ने दो इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और संबंधित व्यक्तियों के बयान के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

