जयपुर में करणी सेना की रैली पर बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज, वीडियो में जाने वाटर कैनन का इस्तेमाल; BJP कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे प्रदर्शनकारी
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को श्री राजपूत करणी सेना की रैली के दौरान जमकर हंगामा हुआ। यूजीसी रोल बैक और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर निकाली गई रैली उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारी तय मार्ग से आगे बढ़ते हुए भाजपा कार्यालय की ओर जाने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पहले बैरिकेडिंग की, फिर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में लाठीचार्ज भी किया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की
रैली श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में रावण गेट (कालवाड़ रोड) से कलेक्ट्रेट सर्किल तक निकाली जा रही थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे, लेकिन बाद में भीड़ भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने लगी।खासाकोठी पुलिया के नीचे पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इससे पहले कालवाड़ पुलिया पर बैरिकेड्स लगाकर रैली को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ना शुरू कर दिया।इसके बाद चौमूं पुलिया और खासाकोठी क्षेत्र में पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के साथ भी धक्का-मुक्की की घटना सामने आई।
वाटर कैनन और लाठीचार्ज का सहारा
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे धकेला।हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने वाटर कैनन वाहन के अंदर घुसने की भी कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा और कड़ी कर दी।
एंबुलेंस को दिया रास्ता
रैली के दौरान एक एंबुलेंस भी भीड़ के बीच फंस गई। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत रास्ता खाली किया, जिसके बाद एंबुलेंस को सुरक्षित आगे जाने दिया गया।
विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
श्री राजपूत करणी सेना की ओर से यूजीसी से जुड़े फैसलों को वापस लेने (यूजीसी रोल बैक) और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था। संगठन ने सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने के लिए रैली निकाली थी।फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

