जयपुर में एटीएम की तिजोरी तोड़ने पहुंचे बदमाश, फुटेज में देंखे 32 लाख रुपये लूटने की कोशिश नाकाम; पुलिस गश्त से पहले ही भागे
राजधानी जयपुर में रविवार तड़के बैंक ऑफ बड़ौदा के एक एटीएम को निशाना बनाकर लाखों रुपये लूटने की कोशिश की गई। नकाबपोश बदमाशों ने एटीएम की तिजोरी का लॉक तोड़ दिया, लेकिन पुलिस गश्ती दल के पहुंचने की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि एटीएम में रखे 32 लाख रुपये सुरक्षित बच गए।
यह घटना विश्वकर्मा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार वारदात देर रात करीब 1:45 बजे हुई। चार नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर एटीएम पहुंचे और मशीन की तिजोरी का लॉक तोड़ने लगे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने तिजोरी खोलने की कोशिश की, लेकिन तभी उन्हें पुलिस गश्ती दल के आने की जानकारी मिल गई।
पकड़े जाने के डर से बदमाश एटीएम को उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर बाद पुलिस गश्ती दल जब नियमित जांच के लिए वहां पहुंचा तो एटीएम टूटा हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल बैंक अधिकारियों को सूचना दी और मशीन की जांच कराई। जांच में पता चला कि एटीएम में रखे 32 लाख रुपये नकद पूरी तरह सुरक्षित हैं।घटना की सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चार नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए हैं।
इसके बाद पूरे इलाके में नाकाबंदी कराई गई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उनके आने-जाने के रास्तों और इस्तेमाल किए गए वाहन की भी जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी, लेकिन समय पर पुलिस गश्त पहुंचने के कारण उनकी साजिश नाकाम हो गई। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच जारी है और पुलिस को जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

